एनकाउंटर में अंतरराज्यीय तस्कर साथी समेत गिरफ्तार

enterstate gang

नई दिल्ली। नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के एएटीएस स्टाफ ने शाहबाद डेयरी में एनकाउंटर में दो हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोहम्मद अयाज (30) और रफत खान (28) गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई-काला जठेड़ी गैंग को हथियार सप्लाई करते थे। इनसे 9 देसी पिस्टल, 2 ऑटोमेटिक पिस्टल, 14 जिंदा कारतूस, 3 खाली कारतूस और कार बरामद की गई है। फरार होने की कोशिश में अयाज ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग की, जवाबी एक्शन में पुलिस ने भी तीन राउंड गोलियां चलाईं। एक गोली अयाज की दाहिनी जांघ में लगी। आरोपियों के आने की सूचना एक महिला का कॉन्स्टेबल को मिली थी, जिसके बाद यह ऑपरेशन किया गया।

डीसीपी आउटर नॉर्थ बृजेंद्र कुमार यादव ने बताया हाल में फायरिंग और गैंगवॉर की घटनाओं में इजाफा हुआ है। इसलिए गैंगस्टर्स को हथियारों की सप्लाई पर अंकुश लगाने के लिए टीमें लगाई हैं। इसी कड़ी में एएटीएस में महिला कॉन्स्टेबल रीना को गुप्त सूचना मिली थी कि हथियार सप्लायर अयाज उर्फ अज्जू सहयोगी समेत शाहबाद डेयरी आने वाला है, ये लॉरेंस बिश्नोई और काला जठेड़ी गैंग को हथियार सप्लाई करते हैं।

सूचना पर इंस्पेक्टर संदीप यादव के सुपरविजन में पुलिस टीम ने मौके पर जाल बिछाया। सोमवार देर रात 3:50 बजे सफेद रंग एक कार आती हुई दिखाई दी। चालक को रुकने का इशारा किया, तो वह रुकने की जगह फरार होने का प्रयास करने लगा।

पुलिस ने पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। घिर जाने के बाद भागने की कोशिश में आरोपियों ने कार सड़क किनारे छोड़ दी। चालक के बगल में बैठे अयाज ने पुलिस की ओर निशाना साधते हुए फिर फायरिंग की। पुलिस ने चेतावनी देने के लिए गोली चलाई लेकिन वह नहीं रुका, तो फिर पुलिस ने गोलियां चलाईं। इसमें एक गोली आरोपी दाहिनी जांघ में लगी।

घायल को पीसीआर के जरिए एमबी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि कम समय में ज्यादा पैसा कमाने के लिए हथियारों की सप्लाई शुरू की थी। पुलिस आगे की पड़ताल में लगी है।

advertisement at ghamasaana