सहारनपुर। देवबंद के ईदगाह में जमीयत उलमा ए हिंद का दो दिवसीय इजलास शनिवार सुबह नौ बजे से शुरू हो गया। इस इजलास में देशभर के उलमा प्रमुख समस्याओं को लेकर मंथन कर रहे हैं।

इजलास का शुभारंभ जमीअत उलमा हिंद का झंडा लहरा कर किया गया है। तिलवात ए कुरान पाक दारुल उलूम के उस्ताद कारी अब्दुल रउफ ने की और नात पाक कारी अहसान मोहसिन ने पेश की। जमीयत प्रमुख मौलाना महमूद मदनी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में दारुल उलूम के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम, जमीअत उलमा हिंद पश्चिम बंगाल अध्यक्ष और ममता सरकार में मंत्री मौलाना सिद्दीक उल्ला चौधरी, सांसद मौलाना बदरूद्दीन अजमल और सभी प्रदेशों के अध्यक्षों सहित देशभर के उलेमा शामिल हो रहे हैं।

इजलास में देश के मौजूदा हालात और ज्ञानवापी मस्जिद समेत देश में विभिन्न धार्मिक स्थलों को लेकर बढ़ रहे विवाद, कॉमन सिविल कोड, मुस्लिम वक्फ एवं मुस्लिमो की शिक्षा आदि मुद्दों पर चर्चा होगी। वहीं जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।

दूसरी तरफ इस इजलास का विरोध भी शुरू हो गया हैं। हिंदू वादी नेता विकास त्यागी ने प्रशासन से इस इजलास में आए हुए लोगों की जांच करने की मांग की है।