बागपत। दिल्ली के नए संसद भवन के बाहर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने वाले जितेंद्र ने बृहस्पतिवार देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसका पता चलते ही जिले में पुलिस अलर्ट हो गई।
छपरौली कस्बे की पट्टी धंधान में रहने वाले रविंद्र ने बताया कि उसके छोटे भाई जितेंद्र ने कई साल पहले हुई घटनाओं में पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए अनुसूचित जाति जनजाति आयोग में भी शिकायत कर रखी थी। इसके बाद भी सुनवाई नहीं होने पर मंगलवार को जितेंद्र ने दिल्ली में नए संसद भवन के सामने खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाकर आत्मदाह का प्रयास किया।
इसका पता चलने पर जितेंद्र के पिता महीपाल परिवार के सदस्यों के साथ दिल्ली अस्पताल चले गए। रविन्द्र ने बताया कि आग लगने से उसके भाई का अधिकांश शरीर जल चुका है और हालत चिंताजनक बनी हुई थी। बृहस्पतिवार देर रात दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जितेंद्र तीन भाइयों में दूसरे नम्बर का था। जितेंद्र की मौत होने का पता चलते ही देर रात कस्बे के काफी लोग दिल्ली चले गए। उधर कस्बे में कई थानों की पुलिस तैनात कर दी गई।

