नई दिल्ली। तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर ने देश में नए संविधान की मांग की है। केसीआर ने कहा कि नई सोच, नया संविधान देश में आना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में बेहतर नेतृत्व बदलाव की जरूरत है। इसके लिए हम मुंबई जा रहे हैं और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात करेंगे। केंद्र में भाजपा को हटाने की जरूरत है, उन्हें बंगाल की खाड़ी में फेंक देने की जरूरत है। देश के लिए जो भी जरूरी है हम वह करेंगे। हम शांत हीं बैठेंगे। यह लोकतंत्र है, हमारे प्रधानमंत्री दूरदर्शी नहीं है।
इससे पहले मंगलवार को जब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश किया तो केसीआर ने इसे बेकार और उद्देश्यहीन बजट करार दिया था। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के बजट में कोई दिशा या इरादा नजर नहीं आता है, यह बेकार और उद्देश्यहीन बजट है।
यही नहीं उन्होंने निर्मला सीतारमण के भाषण को खोखला और शब्दों की जुगलबंदी करार दिया। उन्होंने कहा कि इस बजट से सरकार ने खुद की तारीफ की है जबकि सच्चाई यह है कि आम आदमी और अवसाद की ओर चला गया है।
