सहारनपुर। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रयागराज हत्याकांड के दोषियों को सरकार बख्शेगी नहीं। कानून के दायरे में उन्हें सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश में भारत का बदनाम कर रहे है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर उपमुख्यमंत्री ने तंज सकते हुए कहा कि उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, उन्हें इलाज कराना चाहिए।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अपराध शून्य उप्र तो नहीं हुआ है, मगर कानून का राज कायम है।सरकार अपराधियों को छोड़ेंगी नहीं। अपराधियों को कानून के कटघरे में खड़ा करके जैसा अपराध किया है, उसी के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। 2016 तक अपराधी पुलिस पर हावी रहते थे। सहारनपुर की कई थाना चौकियों में शाम होते ही बदमाशों के खौफ से ताला लटक जाया करता था, लेकिन जब से भाजपा सरकार सत्ता में आई है, आज तक भी थाना चौकियों में ताले नहीं लगे हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, राहुल गांधी विदेश में जाकर भारत का दुष्प्रचार कर रहे हैं। विदेशों में यह कहते फिर रहे हैं भारत में लोकतंत्र नहीं है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा, समाजवादी पार्टी में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार था और गुंडागर्दी भी अपने चरम पर थी। अब जब से भाजपा सत्ता में आई है तब से भ्रष्टाचार खत्म हो चुका है और एक भी दंगे डबल इंजन की सरकार में नहीं हुए हैं।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव यदि इसी प्रकार समाजवादी पार्टी को चलाते रहे तो आने वाले दिनों में यह समाप्त वादी पार्टी बन जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास की थीम पर काम किया है और कर रही है। दावा किया कि निकाय चुनाव और 2024 के चुनाव में भाजपा ही विजयी होगी। भाजपा को और अधिक सीट हासिल होंगी।

