मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के रिठानी मे थप्पड़ का बदला लेने के लिए ही सहपाठी आदित्य की हत्या कर दी गई। परिजनों का कहना है कि आदित्य ने झगड़ा होने पर सहपाठी को थप्पड़ मार दिया था। इसका बदला लेने के लिए ही उसकी हत्या की गई।

वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। विसरा सुरक्षित रखा गया है। कपड़े सील कर दिए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा।

रिठानी निवासी आदित्य मंगलवार शाम ट्यूशन पढ़ने गया था, लेकिन नहीं लौटा। साथ ट्यूशन पढ़ने वाले छात्र चित्रांश को आखिरी बार उसके साथ देखा गया। चित्रांश ने झाड़ियों के पास आदित्य को छोड़ना बताया था, वहीं पर बुधवार सुबह शव मिला। चित्रांश पर ही अधिक शक है।

पुलिस ने बताया कि चित्रांश से पूछताछ की गई, मगर दूसरे दिन भी हत्याकांड में महत्वपूर्ण सुराग नहीं जुटाए जा सके। पोस्टमार्टम में आदित्य के शरीर पर दो मामूली चोट बताकर पुलिस फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार करने की बात कह रही है।

आदित्य के ताऊ गिरीश शर्मा ने कहा कि उनके भतीजे की हत्या का खुलासा नहीं हुआ तो ब्राह्मण समाज के लोगों की महापंचायत करेंगे। इसमें वेस्ट यूपी से समाज के लोग पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर परतापुर के मोबाइल नंबर की जांच होनी चाहिए कि हत्याकांड से जुड़े संदिग्ध लोगों को बचाने के लिए उन्हें कौन लोग फोन कर रहे हैं।

एएसपी ब्रह्मपुरी विवेक यादव ने बताया कि चित्रांश समेत कई युवकों से पूछताछ की। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कुछ युवक दिखाई दिए है। जिनका पता लगाने में भी पुलिस जुटी है।