सनसनीखेज : एकतरफा प्यार में सिरफिरे आशिक ने युवती को गोली मारने के बाद खुद गोली मारकर आत्महत्या कर ली

बिजनौर। जिले के नूरपुर में एकतरफा प्यार में पागल एक व्यक्ति ने अपने गांव की एक युवती को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली लगने से घायल हुई युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ग्राम मिर्जापुर ढीकली निवासी गौरव त्यागी नुरपुर स्थित एक पैट्रोल पंप पर सेल्समैन था। उसकी पत्नी की करीब छह माह पहले मौत हो चुकी है। पुलिस के अनुसार गौरव त्यागी गांव की एक सजातीय युवती से एकतरफा प्यार करता था। कई बार वह युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रख चुका था, लेकिन युवती ने उसे फटकार दिया था। शनिवार की सुबह सात बजे युवती गांव के बाहर बने मंदिर पर पूजा करने जा रही थी। मंदिर के रास्ते मे पहले से ही घात लगाए खड़े गौरव ने युवती को गोली मार दी। गोली युवती के दाहिने हाथ मे लगी, जिससे वह लहूलुहान हो गई। बदहवास युवती ने वहां से भागकर पास में ही एक ग्रामीण के घर मे घुसकर जान बचाई।

युवती को गोली मारने के बाद गौरव अपने घर पहुंचा और कनपटी पर तमंचा सटाकर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल युवती को सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया है।

एसपी डॉ धर्मवीर सिंह, एसपी सिटी प्रवीण रंजन, व सीओ चांदपुर शुभ सूचित ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली। एसपी ने बताया कि गौरव ने एकतरफा प्यार में युवती को गोली मारकर खुद आत्महत्या कर ली। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

advertisement at ghamasaana