बागपत l जिले में एक धार्मिक आयोजन के दौरान दर्दनाक हादसा हुआ। भगवान आदिनाथ के निर्वाण लड्डू पर्व पर आयोजित कार्यक्रम के लिए बनाए गए लकड़ी के मंच के ढहने से सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 75 से अधिक लोग घायल हो गए। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
हादसा बड़ौत शहर के गांधी रोड स्थित श्री दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज के मैदान पर हुआ, जहां 65 फीट ऊंचा मंच बनाया गया था। कार्यक्रम के दौरान मंच पर श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने के कारण सीढ़ियां अचानक टूट गईं, जिससे श्रद्धालु नीचे गिर गए। इससे भगदड़ मच गई और कई लोग मंच के मलबे में दब गए।
घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया। एम्बुलेंस समय पर न मिलने के कारण कई घायलों को ई-रिक्शा के माध्यम से अस्पताल ले जाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
मृतकों और घायलों की स्थिति
हादसे में जान गंवाने वालों में तरसपाल (66), अमित (35), अरुण (48), ऊषा (24), शिल्पी (24), विनीत जैन (40), और कमलेश जैन (65) शामिल हैं। सभी मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। घायलों में 15 पुलिसकर्मी भी हैं, जिनका उपचार जारी है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आयोजन का इतिहास
यह धार्मिक कार्यक्रम पिछले 25 वर्षों से प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। आयोजन स्थल पर मिट्टी की नमी और भार अधिक होने के कारण लकड़ी की बल्लियां असंतुलित हो गईं, जिससे यह हादसा हुआ।
मौके पर हंगामा
घटना के बाद मृतकों के पोस्टमार्टम न कराए जाने को लेकर लोगों ने आक्रोश जताया और हंगामा किया। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास कर रहे हैं।
इस हादसे ने न केवल आयोजन समिति बल्कि प्रशासन पर भी सवाल खड़े किए हैं। इस तरह के आयोजनों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की आवश्यकता एक बार फिर स्पष्ट हो गई है।

