मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर पचैंडा बाईपास के पास सुबह-सुबह भीषण हादसा हो गया। तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे जा रहे ट्रक में घुस गई। जिससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी कार सवार अलीगढ़ जिले के रहने वाले हैं।
अलीगढ़ के थाना गोंडा क्षेत्र के गांव गौणअड़ा निवासी दोस्त हरिद्वार घूमने जा रहे थे। सुबह जब वह लोग मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली देहरादून हाईवे के पचंेडा बाईपास पर पहुंचे तो उनकी तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे जा रहे ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर मौके पर फरार हो गया।
हादसे में अर्टिगा सवार अलीगढ़ के थाना गोंडा के गांव गौणअडा निवासी जुगल 28 पुत्र ललित कुमार, भोला 30 पुत्र महेंद्र पाल, गिरिन 42 पुत्र शिवचरण और राहुल 38 पुत्र बृजवीर की मौत हो गई। वहीं मांगेराम, बबलू के अलावा थाना खैर के गांव रतनपुर खीरी निवासी राजू घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ मंडी रुपाली राव ने बताया कि ट्रक को छोड़ कर चालक फरार हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जबकि मृतकों के परिजनों को मामले की जानकारी दे दी गई है।

