बस्ती। बुलडोजर के आगे सो कर नाटक करने वाले एडीजे मनोज शुक्ला निलंबित कर दिया गया है।
आरोप है कि मनोज शुक्ला ने पद की गरिमा को तार तार कर कोट पैंट और टाई पहने ही जेसीबी के सामने लेट गए। इतना ही नहीं उन पर प्रशासनिक अधिकारियों पर धौंस जमाने का भी आरोप है। यह सब कुछ मनोज शुक्ला को महंगा पड़ गया और उनको तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
असिस्टेंट कमिश्नर वाणिज्यकर लिए गए हिरासत
बस्ती। असिस्टेंट कमिश्नर वाणिज्यकर आशुतोष कुमार मिश्रा को महाराष्ट्र पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनका नाम महाराष्ट्र के फरार आईपीएस के खिलाफ दर्ज वसूली के केस से जुड़ा बताया जा रहा है।
मुंबई में आंगड़िया व्यापारियों से कथित वसूली के आरोप में फरार आरोपी आईपीएस अधिकारी सौरभ त्रिपाठी से जुड़े एक मुकदमे में उनके रिश्तेदार असिस्टेंट कमिश्नर का नाम सामने आया है। पूछताछ के बाद टीम ट्रांजिट रिमांड पर महाराष्ट्र लेकर चली गई।
200 लड़कियों से ठगी करने वाला नटवरलाल बस्ती पुलिस के हत्थे चढ़ा
बस्ती। पुलिस और सर्विलांस टीम ने एक शातिर ठग को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर देश के कई राज्यों की 200 से ज्यादा लड़कियों से लाखों की ठगी करने का आरोप है। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब बस्ती की एक लड़की इसका शिकार हुई। लड़की की शिकायत पर मुकदमा दर्जकर पुलिस ने पड़ताल शुरू की तो मामला एक लड़की का नहीं सैकड़ों लड़कियों से ठगी का निकाला।
