बागपत । बड़ौत पुलिस ने शुक्रवार को लुहारी- कोताना मार्ग पर मुठभेड़ के दौरान चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।जिनमे से एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया।
जांच अधिकारी दीक्षित कुमार ने बताया कि पुलिस लुहारी-कोताना रोड पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक स्विफ्ट डिजायर कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन कार सवार वाहन छोड़कर भागने लगे।
पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने तमंचे से जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें सोनू निवासी उमरपुर थाना गंगोह जनपद सहारनपुर गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस ने मौके से दीपांशु निवासी शबगा , अंकुल निवासी खेड़ा हटाना, सागर निवासी लिसाढ़ जनपद शामली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। घायल सोनू को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

