बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शुक्रवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा गांव में तेज रफ्तार डंफर ने घर के बाहर सो रहे परिवार को कुचल दिया, जिससे पिता और तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी और बिजली कटौती के कारण परिवार घर के बाहर सो रहा था। इसी दौरान फतेहपुर-महमूदाबाद मार्ग पर तेज रफ्तार से आ रहा एक डंफर अनियंत्रित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डंफर ने पहले सड़क किनारे पेड़ में जोरदार टक्कर मारी और फिर बाहर सो रहे परिवार पर चढ़ गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे में परिवार के दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि हादसे में पिता और उसके तीन बच्चों की जान चली गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डंफर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद चालक फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

