कानपुर। अब जो मनीष गुप्ता की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आई है, उससे हैरान करने वाले खुलासे हुए हैं. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट इस बात की पुष्टि करती है कि मनीष गुप्ता की मौत के पीछे पुलिस द्वारा बर्बरता से की गई पिटाई ही सबसे बड़ा कारण है.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मनीष गुप्ता के शरीर पर चार गंभीर चोट के निशान मिले हैं. जबकि सिर में जो गहरी चोट लगी थी, वह उनके लिए जानलेवा साबित हुई. रिपोर्ट में पता चला है कि मनीष गुप्ता के दाहिने हाथ की कलाई पर डंडे से गंभीर चोट लगी थी.
इसके अलावा दाहिने हाथ की बांह पर डंडे की पिटाई के निशान भी मिले हैं और बाएं आंख की ऊपरी परत पर भी चोट लगी है. साफ है कि मनीष गुप्ता की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट दिखाती है कि किस तरह उनके साथ बर्बरता की गई और यही पिटाई मौत का कारण बनी.
आपको बता दें कि कानपुर के प्रॉपर्टी डीलर मनीष गुप्ता की गोरखपुर में मौत हुई थी. इस मामले में तीन पुलिसवालों समेत कुल 6 लोगों पर हत्या के तहत केस दर्ज किया गया है. इस संदिग्ध मौत के बाद मनीष गुप्ता के परिवार की ओर से लगातार प्रदर्शन किया जा रहा था और राज्य सरकार से इंसाफ की मांग की जा रही थी।

