मेरठ। मवाना कस्बे में एक मोबिल ऑयल की दुकान और गोदाम में सोमवार दोपहर को भीषण आग लग गई। जिसमें दुकान मालिक का बेटा और दो नौकर जिंदा जल गया। घटना से पूरे कस्बें में हाहाकार मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है।
मवाना में सुभाष चौक के पास सतीश कुमार की मोबिल आयल की दुकान है। सोमवार की दोपहर शार्ट सर्किट से अचानक दुकान में आग लग गई। आग इतनी विकराल थी की पास में साइकिल की एक दुकान को भी चपेट में ले लिया। जिसके बाद तीसरी हार्डवेयर की दुकान भी आग की चपेट में आ गई। इन्हीं के ऊपर कोचिंग सेंटर भी था। आग लगते ही आसपास के लोगों ने किसी तरह दुकान खाली कर जान बचाई। पुलिस ने आसपास की 15 से अधिक दुकानों को खाली करा लिया गया था।
पुलिस ने किसी तरह दुकान मालिक सतीश के एक बेटे ईशान को बचा लिया, जबकि दूसरा बेटा राजा 25 साल, दुकान पर काम करने वाला नौकर शादाब 25 साल, निवासी मवाना और नौकर रोहित निवासी 26 साल रामबाग मवाना की झुलसकर मौत हो गई।
बहन चिल्लाती रही, मेरे भैया को बचा लो
मवाना में व्यापारी सतीश की बेटी मौके पर ही चीखती रही। एसडीएम व पुलिस से गुहार लगाती रही की मेरा भाई अंदर फंसा हुआ है। उसे बचा लो। मेरा भाई राजा बचा लो। अधिकारियों ने तमाम प्रयास किए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
