सहारनपुर। जमीयत के दिल्ली अधिवेशन में मौलाना अरशद मदनी द्वारा आदम और मनु को एक बताने को लेकर छिड़े विवाद के बीच मदनी को स्वामी यशवीर ने शास्त्रार्थ के लिए चुनौती दी थी, लेकिन मदनी की तरफ से इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। वहीं माना जाने लगा कि मदनी सीधे शास्त्रार्थ से बचना चाह रहे हैं। उधर, शास़्त्रार्थ पर अड़े स्वामी यशवीर को देवबंद जाते समय पुलिस ने मुजफ्फरनगर पुलिस ने रोक लिया। इससे गुस्साए यशवीर के सैकड़ों कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ किया ।
जमीयत उलमा.ए.हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी के बयान को लेकर उन्हें शास्त्रार्थ की चुनौती देने वाले स्वामी यशवीर महाराज पूर्व घोषणानुसार सैकड़ों लोगों के साथ देवबंद जा रहे थे। जिन्हें मुजफ्फरनगर पुलिस ने रुड़की रोड पर ही रोक लिया। स्वामी यशवीर के देवबंद आने को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मंगलवार को दारुल उलूम और हाईवे सहित अन्य स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारी भी गश्त करते रहे।
स्वामी यशवीर महाराज के स्वागत की तैयारी में पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के बाहर खड़े योगी जयनाथ और ठा. सुरेंद्रपाल सिंह ने कहा कि आज नहीं तो कल मौलानाओं को इस मुद्दे पर शास्त्रार्थ करना होगा। बोले इस्लाम और सनातन धर्म में कोई मतभेद नहीं, लेकिन यह नदी के अलग अलग किनारे हैं। जो कभी नहीं मिल सकते। इस दौरान भूपेंद्र वर्मा, देवेंद्र त्यागी, राघव धीमान, राजकिशोर गुप्ता, अमित धीमान, राव मुशर्रफ पुंडीर, बद्रीनाथ महाराज अतुल चौधरी आदि मौजूद रहे।

