मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आकर मुजफ्फरनगर ;बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज की छात्रा की मौत हो गई । उसका दोस्त ट्रेन की चपेट में आने से बच गया। पुलिस ने छात्रा के परिजनों को सूचना दी है। वहीं परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर नामजद तहरीर दी है।

कृतिका पुत्री राहुल चौहान निवासी जनपद औरैया, मुजफ्फरनगर ;बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में 2023 की एमबीबीएस की छात्रा थी। वह अपने दोस्त राहुल सैनी निवासी शाहपुर जनपद मुजफ्फरनगर के साथ धौलापुल के पास रेलवे ट्रैक पर बैठी हुई थी। अचानक ट्रेन आ जाने से कृतिका उसकी चपेट में आ गई और उसकी मौके पर मृत्यु हो गई।

राहुल सैनी रेलवे ट्रैक से एक तरफ हट गया और उसकी जान बच गई। थाना प्रभारी आशुतोष सिंह का कहना है कि मृतक छात्रा के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजन अभी पहुंचे नहीं है। शव को मेडिकल कॉलेज में रखा गया है। वहीं कृतिका चौहान के परिजनों ने हत्या का मुकदमा उसके सहपाठी के ​खिलाफ दर्ज कराया है। परिजनों का कहना है​ कि आरोपी उनकी बेटी को बहला.फुसलाकर ले गया और हत्या कर शव को ट्रैक पर फेंक दिया।

राहुल चौहान ने मृतक छात्रा के सहपाठी शाहपुर के मोहल्ला सैनियान निवासी कुणाल सैनी के ​खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। एमबीबीएस में दोनों सहपाठी थे। पीड़ित परिजनों का कहना है​ कि हत्या कर शव को ट्रैक पर फेंका गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए ​​भिजवा दिया है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि उनकी बेटी छात्रावास में रह रही थी। उनकी पुत्री छात्रावास के बाहर कैसे गई। वार्डन, सुरक्षाकर्मी और कॉलेज प्रशासन की व्यवस्थाओं पर पीड़ित परिवार ने सवाल खड़े किए हैं।