दो बच्चों के साथ कुए में कूद गई मां, तीनों की मौत

नई दिल्ली। बच्चे का इलाज कराने रविवार को पटना के बिक्रम आई एक महिला ने अपने दो छोटे बच्चों के साथ असपुरा स्थित धर्मकांटा के पास कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की उम्र 28 साल थी। दोनों बच्चों में आयुष कुमार की उम्र दो वर्ष, जबकि अंकित तीन माह का था।

कुछ समय से महिला की अपने पति से अनबन चल रही थी। उधर, महिला के घर वालों ने ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। फिलहाल मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।महिला की पहचान रानीतालाब थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर मठिया गांव निवासी लाला यादव की पुत्री निशा देवी के रूप में हुई है। उसकी शादी दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र के हरेरामपुर गांव के दिनेश यादव के पुत्र नीरज कुमार के साथ हुई थी।

रविवार को वह अपने मायके से बिक्रम आई थी। घटना की सूचना मिलते ही निशा के मायके वाले बिक्रम थाने पहुंचे। घटना के बारे में कहा जाता है कि सवा बारह बजे महिला अपने दोनों बच्चों को लेकर कुएं के पास पहुंची। आसपास ट्रक लगा था। ट्रक की आड़ लेकर महिला कुएं तक पहुंची। बगल के सैलून वाले ने बताया कि महिला को ट्रक के पीछे उसने जाते हुए देखा था।

वह समझा कि शौच आदि के लिए जा रही है। धर्म कांटा का कर्मचारी कुएं के बगल में स्थित चापाकल पर पानी पीने गया तो उसकी नजर कुएं के नीचे महिला की चप्पल पर पड़ी। वह नजदीक जाकर कुएं में झांका तो सन्न रह गया।

पानी की सतह पर दोनों बच्चे उतरा रहे थे। घटना की सूचना पर घटनास्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस को घटना की जानकारी मिली तो थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। तीनों के शव को ग्रामीणों के सहयोग से कुएं में सीढ़ी लगाकर निकाला गया। उसके बाद शवों को घंटों शिनाख्त के लिए रखा गया। शाम छह बजे शव की शिनाख्त हो पाई। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शाम को तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एम्स पटना में भेज दिया गया है।

advertisement at ghamasaana