सहारनपुर। बेहट में आदि शक्ति मां शाकंभरी देवी के प्राकट्य पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। यहां श्रद्धालुओं का बड़ी संख्या में आना शुरू हो गया है। शुक्रवार को सिद्धपीठ में बड़ी संख्या में संत समाज व श्रद्धालु पहुंच गए हैं। शंकराचार्य आश्रम में चल रहे शतचंडी महायज्ञ में पूर्णाहुति के बाद जगत जननी मां शाकंभरी देवी को छप्पन भोग और 36 व्यंजन अर्पण करने जाएंगे। इसके लिए पूरी तैयारी की गई है।
उत्सव में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार को ही जगतगुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज भी सिद्धपीठ पहुंच गए थे। उनके सानिध्य में ही माता को भोग और व्यंजन अर्पण किए जाएंगे। आश्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शतचंडी महायज्ञ में आहुति दे रहे है।
कुछ ही देर में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज की अगुवाई में संत समाज व श्रद्धालु माता को भोग व व्यंजन अर्पण करने के लिए मंदिर पहुंचेंगे। इसके बाद प्रसाद का वितरण होगा।

