बिजनौर। नजीबाबाद के नांगलसोती के गंगाघाटी स्थित महाकाली मंदिर के पुजारी की हत्या कर दी गई। पुलिस को मृतक पुजारी के सिर में चोट का निशान मिला है।

नांगलसोती के गंगाघाटी मंदिर में 60 वर्षीय पुजारी बाबा रामदास महाराज पिछले 22 वर्षों से निवास कर रहे थे। शनिवार सुबह नांगलसोती निवासी भारत सिंह जब मंदिर में सफाई करने पहुंचा तो उसने पुजारी का कमरा खुला देखा। आस-पास तलाश करने पर कमरे के पीछे पुजारी का शव पड़ा देखा। भारत सिंह ने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।

ग्रामीणों की सूचना पर एसपी सिटी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, नांगलसोती थाना प्रभारी रविंद्र सिंह, मंडावली थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार गौड़ मौके पर पहुंचे। पुलिस को पुजारी के कमरे में सामान ‌बिखरा मिला। मंदिर परिसर में स्थित राम मंदिर का दानपात्र भी खुला मिला। पुलिस ने पुजारी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से पुजारी के दोनों मोबाइल और कमरे के बाहर पड़े एक डंडे को कब्जे में लिया है। मौके पर पहुंची डॉग स्क्वायड टीम जांच में जुटी है।