मुजफ्फरनगर। सिखेड़ा के गांव दौलतपुर की रहने वाली वृद्धा महिला की परिवार के देवर ने ही हत्या कर दी। हत्या करने के बाद हत्यारोपी देवर ने शव को बोरे में भरकर बाइक पर लादा और गांव बहादुरपुर के रजबहे में फेंक दिया। सोमवार की सुबह शव बोरे में बंद बहता हुआ जनपद मेरठ के थाना सरधना क्षेत्र के गांव कालंदी गांव के रजबाहे में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर मंसूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने देवर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सिखेड़ा क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी अविनाश पुत्र यशपाल ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसकी 65 वर्षीया मां सरोज 11 अप्रैल से लापता हो गई थी।। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चल सका है। पुत्र की तहरीर पर थाने में गुमशुदगी दर्ज कर ली गई थी। पुत्र अविनाश का शक था कि अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी मां की हत्या कर शव को कहीं छुपा दिया है। सिखेड़ा कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि महिला के लापता होने को लेकर गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई।
फुटेज में पता चला कि परिवार के ही रहने महिला का देवर भंवर सिंह पुत्र कंवल सिंह अपनी बाइक की सीट पर बोरे में कुछ लेकर जा रहा है। फुटेज में पता चला कि वह मात्र 15 मिनट मे बाइक लेकर वापस आ गया था। पुलिस को शक हो गया था। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई थी। सोमवार की सुबह जिला मेरठ के थाना सरधना क्षेत्र के गांव कालंदी के रजबहे में लापता महिला का शव बोरे में बंदपड़ा मिला। सिखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस ने मृतका के देवर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार है, पुलिस उसको तलाश कर रही है।
