मुजफ्फरनगर। कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जिस स्कूल को गोद लिया था, उसी स्कूल में बड़ी घटना हो गई। मिड-डे मील में तहिरी बनाते समय एक छिपकली गिर गई, रसोइए ने इस बात को छिपा लिया। तहिरी खाते ही स्कूल के करीब 30 बच्चों की हालत बिगड़ गई। स्कूल में अफरातफरी मच गई। बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंचे बीएसए शुभम शुक्ला ने प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया और शिक्षामित्र के वेतन पर रोक लगा दी है। मामले की जानकारी मिलते ही मंत्री जी भी गांव में पहुंच गए।
मामला सदर ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय बीबीपुर का है। यहां बुधवार को मिड-डे मील में तहिरी बनाई गई थी। आरोप है कि तहिरी बनाते समय ही उसमें छिपकली गिर गई। जिसे भोजनमाता ने नजरअंदाज कर दिया। भोजन करने के कुछ देर बाद ही बच्चों ने तबीयत खराब होने शिकायत शुरू कर दी। एक बच्चा शिक्षामित्र के पास तहिरी लेकर पहुंच और छिपकली गिरी होने की शिकायत की। भोजन में छिपकली का शोर मचा तो स्कूल में चीख.पुकार मच गई।
कुछ बच्चों ने पेट में दर्द की शिकायत की तो कुछ ने गले में खरास की बात कही। अभिभावक भी स्कूल पहुंच गए। जिला पंचायत सदस्य तरुण पाल स्कूल पहुंचे। जिन बच्चों की तबीयत ज्यादा खराब थी, उन्हें अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। स्कूल में हंगामा शुरू हो गया। इसके बाद एंबुलेंस पहुंची। स्कूल के 30 बच्चों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया।
कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, सिटी मजिस्ट्रेट अनूप कुमार, सीएमओ डॉ महावीर सिंह फौजदार, बीएसए शुभम शुक्ला, ग्राम प्रधान राजेश कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और बच्चों से बातचीत की। अभिभावकों का कहना है कि शिक्षकों ने लापरवाही की है। कौशल विकास मंत्री ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत की और मामले की जांच के आदेश दिए। बीएसए ने बताया कि तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। प्रधानाध्यापक अशोक कुमार को निलंबित कर दिया गया है। शिक्षामित्र रणवीर का वेतन रोका गया है और दो भोजन माताओं को हटा दिया गया है। दो दिन में मामले की जांच पूरी कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं। सीएमओ ने बताया कि बच्चों को किसी तरह की परेशानी नहीं है। तहिरी खाने से 30 बच्चे फूड प्वायजनिंग का शिकार हो गए। बच्चों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
