बिजनौर, मुजफ्फरनगर से होकर लखीमपुर के लिए निकले नवजोत सिंह सिद्धू

मुजफ्फरनगर/बिजनौर। कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू बृहस्पतिवार देर रात अपने काफिले के साथ मुजफ्फरनगर और बिजनौर से होकर लखीमपुर खीरी के लिए निकल गए। मुजफ्फरनगर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास नहीं किया। कई गाड़ियों के काफिले को जनपद पुलिस ने जिले से निकालने के लिए बिजनौर तक इंतजाम किए थे। नवजोत सिंह सिद्धू इस दौरान कहीं नहीं रुके। वो अपनी कार में सोते हुए जनपद में निकले हैं।

कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू और पंजाब सरकार के कई मंत्रियों को लखीमपुर खीरी जाने से रोकने के लिए सहारनपुर में कई घंटे जद्दोजहद रही। पांच घंटे उन्हें रोकने के बाद कुछ गाड़ियों के काफिले के साथ उन्हें जाने की इजाजत दी गई। सहारनपुर से चल कर रात्रि करीब साढे दस बजे सिद्धू की कारों का काफिल रोहाना टोल प्लाजा से होकर गुजरा। इस दौरान मीडिया कर्मियों ने सिद्धू की कार को रोक कर बातचीत का प्रयास किया मगर उन्होंने कोई बात नहीं की।

अपनी कार में नवजोत सिंह सिद्धू सोते हुए निकले। जनपद पुलिस ने उन्हें रोकने का कोई प्रयास नहीं किया। वो यहां से वाया जानसठ, मीरापुर बाईपास होते हुए बिजनौर चले गए। वहां से होकर वो लखीमपुर खीरी जाएंगे। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि नवजोत सिंह सिद्धू का काफिल जनपद से होकर बिजनौर चला गया है। उन्हें यहां रोकने के कोई आदेश नहीं था। बिजनौर में भी उन्हें नहीं रोका गया। वहां से वे मुरादाबाद होते हुए आगे निकल गए।

advertisement at ghamasaana