मुजफ्फरनगर। एनआइए की टीम ने हेरोइन बरामदगी मामले में मई माह में गुजरात में पकड़े गए मोहल्ला किदवईनगर निवासी रजी हैदर के घर की तलाशी ली। वहां कुछ नहीं मिला तो इसके बाद टीम वापस लौट गई।
किदवईनगर निवासी रजी हैदर को गुजरात एटीएस ने दिल्ली स्पेशल पुलिस की मदद से पकडा था। बाद में उसके घर से इस टीम ने स्थानीय एसओजी टीम के साथ मिलकर 775 करोड की हेरोइन व केमिकल बरामद किया था। गुजरात पुलिस ने रजी हैदर को हेरोइन का बडा तस्कर बताया था। उसके तार अफगानिस्तान के हेरोइन तस्करों से जुडे होने की भी संभावना जताई गई थी। बताया गया कि गिरफ्तारी के बाद से वह जेल में बंद है।
उसके बारे में जांच पड़ताल में खुफिया तौर पर जांच एंजेसियां अभी भी लगी हुई है। दिल्ली से एनआइए की एक टीम किदवईनगर में रजी हैदर के घर पहुंची और घर में जांच पड़ताल की। वहां परिवार का कोई सदस्य नहीं मिला था। इस दौरान टीम को घर से कुछ नहीं मिला। इसके बाद यह टीम वापस लौट गई। बताया जा रहा है कि एनआइए ने हेरोइन तस्करी के मामले में बुधवार को एक साथ कई प्रदेशों में अभियान चलाकर जांच पड़ताल की है।
एसएसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि एनआइए की टीम की अपनी गोपनीय जांच होती है। इसलिए उन्हें कुछ नहीं बताया गया। लेकिन टीम ने किदवईनगर में एक घर में जाकर जांच की थी। वहां कुछ नहीं मिला था तो टीम वापस चली गई थी। हो सकता है कि कहीं पर कोई तस्कर पकड़ा गया हो इसके बाद टीम द्वारा पूर्व में पकड़े लोगों के बारे में फिर से जांच शुरू की हो।
