चलती कार में घुसी नीलगाय, चालक ने कूदकर बचाई जान

neelgaya

हापुड़। कई बार ऐसे हादसे हो जाते है कि उन पर विश्वास करना मुश्किल हो जाता है। ऐसा ही एक हादसा हापुड़ में सामने आया। जिसमें हाईवे पर चलती कार में तेज गति से आई एक नीलगाय घुस गई और कार में फंस गई। कार चालक ने किसी तरह कूदकर जान बचा ली, लेकिन नील गाय को नहीं बचाया जा सका।

मेरठ के असीलपुर गांव निवासी फुरकान अहमद बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर से लौट रहे थे। जब वह मध्य गंगनहर पर झड़ीना गांव के पास पहुंचे तभी जंगल की तरफ से नील गाय आती हुई नजर आई। कार चालक ने बताया की नील गाय काफी तेज दौड़ रही थी। फुरकान ने कार की स्पीड कम कर ली। अचानक जोर के धमाके जैसी आवाज आई और नील गाय छलांग मारते हुए कार के अगले शीशे को तोड़कर अंदर फंस गई।

फुरकान ने फोन पर बातचीत में बताया कि ब्रेजा कार उसके भाई परवेज की है। अल्लाह का शुक्र है की जान बच गई। मैंने मौत का मंजर अपने सामने देखा है। जब नील गाय कार के ऊपर कूदी तो पता ही नहीं चला की क्या हो गया, बस हाथ कार की खिड़की की तरफ गए और सेकेंड भर में ही मैं कार से कूद गया। उस समय आस.पास के लोग भी अचानक से दौड़कर आए। फुरकान ने बताया की यदि मैं एक या दो सेकेंड और नहीं कूदता तो मैं भी चपेट में आ जाता। कार में यदि और लोग होते तो जिंदा नहीं बचते।

इंस्पेक्टर गढ़ रघुराज सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम के साथ मौके पर पहुंचा। अंधेरा हो गया था। गांव के लोग भी बहुत थे। तमाम प्रयास किए गए, लेकिन नील गाय को कार से नहीं निकाला जा सका। 20 लोगों ने जब उसे कार से खींचा तब तक मौत हो चुकी थी। इंस्पेक्टर ने बताया की इस हादसे में गनीमत रही की कार चालक की कूदने के कारण बच गई।

advertisement at ghamasaana