मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में 23 दिसंबर को होने वाला दीक्षांत समारोह अब 22 दिसंबर को होगा। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि मोदीपुरम में 24 को होने वाला दीक्षांत भी 22 दिसंबर को होगा। राजभवन से बृहस्पतिवार को सूचना आई तो विवि ने विभागों को आदेश जारी कर दिए।
सीसीएसयू के दीक्षांत में शामिल होने के बाद कुलाधिपति राज्यपाल आनंदी बेन पटेल सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि के समारोह में शामिल होंगी।इस बार चौधरी चरण सिंह विवि के दीक्षांत समारोह की तिथि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती के मौके पर 23 दिसंबर की गई थी। इसकी सभी लोगों ने प्रशंसा की थी, लेकिन सूत्रों के मुताबिक कुछ लोगों ने इसको लेकर भी आपत्ति कर दी। उनका कहना था कि 23 दिसंबर को दीक्षांत नहीं होना चाहिए।
इस दिन अलग कार्यक्रम होने चाहिए समारोह में विवाद या राजनीति न हो, इसको लेकर प्रशासन की तरफ से शासन को अवगत कराया गया।बृहस्पतिवार को राजभवन से विवि के अधिकारियों को बताया गया कि दीक्षांत समारोह अब एक दिन पहले 22 दिसंबर को होगा। तिथि एक दिन पहले किए जाने का कारण राजभवन से नहीं बताया गया। समारोह के एक दिन पहले होने की सूचना आते ही विवि में अधिकारियों ने सभी विभागों को सूचना जारी करनी शुरू कर दी।
हर किसी को बताया गया कि सभी कागजों में तिथि 23 की जगह 22 कराएं। इसके साथ ही टॉपर्स की अपलोड लिस्ट पर भी 22 दिसंबर की तिथि अपलोड करा दें।दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल करेंगी। मुख्य अतिथि इंस्टीट्यूट फॉर स्टूडीज इन इंडस्ट्रियल डेवलेपमेंट नई दिल्ली के निदेशक प्रो. नागेश कुमार एवं विशिष्ट अतिथि प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. दिनेश शर्मा रहेंगे।
