बिजनौर। कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण कराने के लिए प्रशासन के प्रचार-प्रसार पर नए वेरिएंट ओमिक्रॉन का डर भारी पड़ गया है। ओमिक्रॉन के डर से जनता ने टीकाकरण कराना शुरू कर दिया है। सामान्य दिनों के मुकाबले अब 50 प्रतिशत टीकाकरण अधिक हो रहा है। टीकाकरण बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने भी राहत की सांस ली है।

जिले में साढ़े 26 लाख लोगों का टीकाकरण होना है। टीकाकरण कराने के लिए शुरूआत में तो केंद्रों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, लेकिन जैैसे-जैसे दूसरी लहर शांत हुई तो लोगों का उत्साह भी फीका पड़ता चला गया।

सामान्य दिनों में एक दिन में मुश्किल से 20 हजार लोगों का ही टीकाकरण हो पाता था और किसी दिन विशेष कैंप लगने पर यह आंकड़ा बढ़कर 30 हजार तक पहुंच जाता था। बाकी दिनों में विभाग को भी लोगों को केंद्रों पर लाने के लिए पापड़ बेलने पड़ रहे थे। दो लाख से अधिक ऐसे लोग हो गए थे जो दूसरी डोज लगने की ड्यू डेट निकलने के बाद भी टीकाकरण कराने के लिए नहीं आ रहे थे। लेकिन ओमिक्रॉन की आहट के बाद से जिलेवासी सतर्क हुए हैं और टीकाकरण कराने के लिए आ रहे हैं।

पिछले तीन चार दिन से टीकाकरण 30 हजार से अधिक होने लगा है। टीकाकरण अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार के अनुसार टीकाकरण की गति बढ़ी है। अब पहले से ज्यादा लोग टीकाकरण कराने के लिए आ रहे हैं। काफी ऐसे लोग भी टीकाकरण करा रहे हैं जो ड्यू डेट निकलने के काफी बाद भी टीकाकरण नहीं करा रहे थे।