बिजनौर । स्योहारा में भीड़ में शामिल पंचों ने एक बार फिर ऐसा फैसला सुनाया है, जिसे सुनकर लोग हैरान रह गए।। चोरी के शक में पकड़े गए किशोर को गंजा कर दिया। गंजा करने के बाद किशोर का मोहल्ले की गलियों में घुमाया गया। तमाशबीन बनी भीड़ भी इस फरमान के आगे बेबस बन हंसते-मुस्कुराते चेहरों के साथ पूरा नजारा देखती रही। इस बीच न किशोर की दलील सुनी गई, न ही उसकी मजबूरी जानने की कोशिश हुई।
यह मामला बिजनौर जिले के स्योहारा कस्बे का है। दरअसल शनिवार को आरएसपी मार्ग पर एक रेस्टोरेंट में एक किशोर को दुकानदार ने पकड़ लिया। चाय समोसे की इस दुकान में किशोर को गल्ले से पैसे चोरी करने के शक में पकड़ा। देखते ही देखते आस पास के दुकानदारों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने किशोर के साथ मारपीट की।
काफी देर तक मारपीट करने के बाद किशोर को गंजा कर दिया गया। इसके बाद किशोर को पूरे मोहल्ले की गलियों में घुमाया गया। हालांकि इस बीच किशोर यह कहता रहा कि उसने कोई चोरी नहीं की है। गलियों में किशोर को गंजा कर घुमाए जाने का तमाशा भीड़ देखती रही लेकिन किसी ने उसे छुड़ाया नहीं। यूं तो किशोर को पहले ही पुलिस के हवाले किया जाना चाहिए था लेकिन भीड़ ने पुलिस का इंतजार किए बिना ही मारपीट करते हुए किशोर को गंजा करते हुए घुमाया।
बाद में खुद पर कार्रवाई के डर से दुकानदार ने किशोर के खिलाफ कोई तहरीर नहीं सौंपी। उधर, पुलिस किशोर को गंजा कर घुमानें वालों का चिन्हित करने में जुट गई है। रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
इस मामले में एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने कहा कि चोरी के शक में पकड़कर किशोर के साथ मारपीट करने और गंजा करने के मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। एएसपी पूर्वी को मामले की जांच के लिए भेजा गया है।
