बिजनौर नगीना में घेर में रखी पानी से भरी बाल्टी में खेलते समय अचानक गिरने से एक मजदूर की डेढ़ वर्षीय मासूम बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। मासूम बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

थाना क्षेत्र के ग्राम तुखमापुर निवासी भीम सिंह मजदूरी का कार्य करता है। बताया जाता है कि रविवार की दोपहर भीम सिंह व उसकी पत्नी किसी काम से खेत पर चले गए तथा पीछे उसकी 2 वर्ष की पुत्री नव्या अपने छोटे-छोटे दो भाइयों के साथ घर के घेर में चली गई। बताया जाता है की घेर में खेलते समय वहां रखी पानी से भरी बाल्टी में नव्या गिर गई।

खेत से लौटने पर जब भीम सिंह व उसकी पत्नी ने अपनी बेटी को पानी की बाल्टी में अचेत अवस्था में पड़े देखा तो उनके होश उड़ गए। तत्काल पुत्री को बाल्टी से निकालकर नगीना के सरकारी अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम बेटी की मौत पर परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों की लापरवाही से मासूमों की जिंदगी खतरे में हो जाने का नगीना में यह पहला मामला सामने नहीं आया। इससे पहले इसी वर्ष 12 जुलाई को नगर के मोहल्ला पंजाबियान में भी कुछ इसी तरह दिल को झकझोर देने वाली घटना हुई थी। तब भी एक व्यापारी के डेढ़ वर्षीय मासूम पुत्र की पानी से भरे प्लास्टिक के टब में गिरने से उस समय दर्दनाक मौत हो गई थी जब मासूम की मां घर की रसोई में कार्य कर रही थी और बच्चा खेलते खेलते घर के बाथरूम में रखे पानी से भरे प्लास्टिक के टब में जा गिरा था।