बागपत : मां और दो बेटियों की तेरहवीं पर लोग भड़के, थाने की तरफ कर दिया कूच, पुलिस में हड़कंप मचा

bagpat local news

बागपत । छपरौली के बाछौड़ गांव में महिला गीता और उसकी दो बेटी स्वाति व प्रीति की सोमवार तेरहवीं की रस्म में लोग भड़क गए। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से गुस्साए लोग थाने की तरफ चल पड़े, इससे पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए। करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा होने पर पुलिस ने किसी तरह समझाकर मामला शांत किया।

बाछौड़ गांव में पूर्व माध्यमिक विद्यालय में आयोजित शोक सभा में पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह के पौत्र इंद्रजीत सिंह ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा दिल्लीए हरियाणा और पंजाब व अन्य राज्यों से भी समाज के लोग पहुंचे। उन्होंने मां व दो बेटियों को आत्महत्या के लिए विवश करने वाले आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार और दरोगा को बर्खास्त करने की मांग की।
इसी दौरान ग्रामीणों ने थाने का घेराव करने का एलान कर दिया। सभी थाने की तरफ चल दिए। इससे पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया।

इसके बाद पुलिस कर्मियों ने थाने जा रहे ग्रामीणों को स्कूल के बाहर ही रोक लिया गया। ग्रामीण थाने जाने की जिद पर अड़ गए। इसे लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच नोकझोंक और धक्का.मुक्की हुई। सीओ युवराज सिंह ने भी समझाने का प्रयास कियाए लेकिन ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। करीब डेढ़ घंटे तक हंगामे के बाद लोग शांत हुए।
बाछौड़ गांव पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह के पौत्र और भाजपा नेता इंद्रजीत सिंह ने मां व दो बेटियों की आत्महत्या का मामला केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के समक्ष उठाने की बात कही। इस पर 15 जून तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन करने का निर्णय लिया गया।

परिवार को सांत्वना देने भाजपा सांसद डॉ सत्यपाल सिंह भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रताड़ना से तंग होकर आत्महत्या किया जाना बेहद दुखद है। वे भी दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के पक्ष में हैं। उन्होंने महक सिंह को बताया कि इस मामले में निष्पक्ष जांच होगी और जल्द से जल्द कानूनी कार्रवाई पूरी कराई जाएगी।

advertisement at ghamasaana