पीएम मोदी ने रविदास जयंती पर मंदिर में संगत में बैठकर करताल बजाई

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को सुबह करोल बाग स्थित श्री गुरु रविदास विश्राम धाम मंदिर पहुंचे और वहां शबद-कीर्तन में शामिल हुए। पीएम वहां श्रद्धालुओं की संगत में बैठे और खुद करताल बजाई।

इस दौरान प्रधानमंत्री भक्ति से सराबोर दिखे। पीएम ने मंगलवार को बताया था कि वह संत रविदास जयंती के दिन बुधवार सुबह दिल्ली के करोलबाग स्थित रविदास मंदिर पहुंचेंगे और जन-जन के कल्याण के लिए प्रार्थना करेंगे। पीएम ने रविदास मंदिर में मत्था टेका।

उधर, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी के रविदास मंदिर में मत्था ठेका है। मंदिर में सीएम योगी ने पूजा-अर्चना की है। संगत में पीएम मोदी को अपने बीच पाकर महिला श्रद्धालु काफी खुश हुईं। श्रद्धालुओं ने कहा कि इससे मंदिर की ख्याति और बढ़ी है। पीएम के यहां पहुंचने पर मंदिर के प्रबंधकों ने संत रविवाद की मूर्ति देकर उन्हें सम्मानित किया।

संत रविदास की गिनती 15वीं सदी के महान संतों में होती है। वह मूल रूप से कवि और समाज सुधारक रहे हैं। हिंदू एवं पंजाबी समाज में इन्हें ईश्वर का दर्जा प्राप्त है। संत रविदास ने छूआछूत का विरोध करते हुए संत कबीरदास की तरह समाज की कुरीतियों पर प्रहार किया। रविदास जीवन में कर्म को महत्वपूर्ण मानते थे। एक समतामूलक समाज के लिए उन्होंने सामाजिक एवं आध्यात्मिक संदेश दिया और लोगों की सच्ची राह पर चलना सिखाया।

advertisement at ghamasaana