सहारनपुर। लंबे समय से महानगर में चल रहे स्पा सेंटरों पर पुलिस की तीन टीमों ने छापे की कार्यवाही की। एसपी सिटी ने स्पेशल टीमों का गठन किया। स्थानीय चौकी इंचार्ज और थाना प्रभारियों को सूचना नहीं दी गई। इसके बाद घंटाघर, पार्श्वनाथ प्लाजा और जीएनजी मॉल में चल रहे 24 स्पा सेंटरों पर कार्रवाई करते हुए 40 से अधिक युवक-युवतियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
दरअसल, पिछले काफी समय से एसएसपी डा. विपिन ताडा को सूचना मिली कि महानगर में चल रहे स्पा सेंटरों की आड़ में अनैतिक कार्य किया जा रहा है। एसएसपी ने एसटी अभिमन्यु मांगलिक को कार्रवाई के निर्देश दिए। बुधवार की शाम एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने तीन टीमों का गठन किया। एक टीम ने एसपी सिटी के साथ पार्श्वनाथ प्लाजा, दूसरी टीम ने सीओ द्वितीय जितेंद्र शर्मा के साथ जीएनजी मॉल और तीसरी टीम ने बेहट सीओ रूचि गुप्ता के साथ घंटाघर पर चल रहे स्पा सेंटरों में छापा मारा।
एसपी सिटी ने बताया कि तीनों जगहों पर 24 स्पा सेंटरों पर छापेमारी की गई। यहां से दस युवकों और 30 से अधिक युवतियों को हिरासत में लिया गया है। इनमें स्पा सेंटरों के मैनेजर भी शामिल है, जबकि कुछ जगहों से स्पा सेंटरों के मालिक फरार हो गए। पुलिस सभी को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन स्थित महिला थाने ले आई, जहां पर युवतियों से पूछताछ के बाद उनके परिजनों की सुपुदर्गी में दे दिया गया। यह युवतियां स्पा सेंटरों पर नौकरी करती थी, जबकि युवक पुलिस हिरासत में है।
इस कार्रवाई की जानकारी स्थानीय थाना प्रभारियों व चौकी प्रभारियों को सूचना नहीं दी गई। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि कुछ पुलिसकर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध हैं। पता लगा है कि चौकी प्रभारियाें को स्पा सेंटरों में गलत कार्य होने की जानकारी थी। इसके बाद भी इन्होंने कार्रवाई नहीं की। एसएसपी डा. विपिन ताडा के निर्देश इन पुलिसकर्मियों की जांच बैठा दी गई है। वहीं, सूत्र बताते हैं कि इस मामले में कई चौकी इंचार्ज व थाना प्रभारियों पर भी कार्रवाई हो होगी।

