मेरठ। जिले के दौराला में रामलीला मंचन को लेकर रेलवे विभाग ने अनुमति नहीं दी है। रामलखन रंग मंच कमेटी द्वारा अनुमित लेने के लिए आवेदन किए जाने पर शनिवार को दौराला पहुंचे रेलवे विभाग के अधिकारियों ने मौका मुआयना किया।
बता दे कि दौराला में करीब 70 वर्षों से दौराला रेलवे स्टेशन के पास रामलखन रंग मंच कमेटी के तत्वावधान में प्रत्येक वर्ष रामलीला का मंचन होता है। इस वर्ष भी कमेटी रामलीला मंचन की तैयारियों में जुट गई है लेकिन रेलवे विभाग द्वारा अनुमति नहीं देने पर मायूसी हाथ लगी है। कमेटी ने दौराला रेलवे स्टेशन के पास मैदान में रामलीला मंचन को लेकर रेलवे विभाग से किए गए आवेदन पर शनिवार को रेलवे अधिकारी राजबीर सिंह मौका मुआयना करने के लिए पहुंचे।
इस दौरान कमेटी अध्यक्ष वीरेन्द्र चौधरी, पुरुषोत्तम उपाध्याय, मुकेश चौधरी, सुंदर कश्यप आदि रेलवे अधिकारी से मिले ओर वार्ता की। अधिकारी ने उनको रेलवे के नियमों के अनुसार रामलीला की अनुमति नहीं देने की जानकारी दी जबकि कमेटी के पदाधिकारियों ने उन्हें जिला प्रशासन द्वारा अनुमति देने से अवगत कराया। बताया कि प्रत्येक वर्ष रेलवे के मैदान में ही रामलीला का मंचन किया जाता है। पदाधिकारियों ने रेलवे विभाग के उच्चाधिकारियों से मिलने की बात कही है।