बिजनौर। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आहत दुष्कर्म पीड़िता केरोसिन लेकर थाने में पहुंच गई और प्रभारी निरीक्षक के कार्यालय के सामने अपने ऊपर केरोसिन डाल आत्मदाह की चेतावनी दी। इस दौरान महिला हेल्प डेस्क पर बैठी दो महिला पुलिस कर्मियों ने दौड़कर उससे केरोसिन की बोतल छीन ली और उसे पकड़ लिया। पुलिस ने उसे समझाया और कार्रवाई का भरोसा देकर घर भेज दिया।
घटना बुधवार शाम की है। पीड़िता ने इस संबंध में 12 अक्तूबर को नांगल जट निवासी अभिनव व जितेंद्र और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि अभिनव ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर ऋषिकेश ले गया। वहां एक होटल में उसकी मर्जी के बिना संबंध बनाए। बाद में भी कई बार दुष्कर्म किया। शादी करने के लिए दवाब बनाया तो आरोपी अभिनव ने कहीं और शादी तय कर ली। पीड़िता आरोपी के घर पहुंची तो उसने अपने पिता के संग मिलकर घर से धक्के देकर बाहर निकाल दिया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़िता थाने पहुंची और अपने ऊपर केरोसिन उडे़ल लिया।

