शादी से इनकार किया तो युवक ने महिला के साथ मिलकर युवती को जहर देकर मार डाला

बागपत। छपरौली थानांतर्गत एक गांव में युवक ने महिला के साथ मिलकर किशोरी को जहर खिला दिया। उसकी अस्पताल में मौत हो गई। किशोरी के पिता ने युवक व महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पड़ोसी युवक युवती की शादी का विरोध कर रहा था।

छपरौली थाने के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी करीब 18 वर्षीय पुत्री की शादी की तैयारी की जा रही थी। पड़ोसी युवक उसकी शादी का विरोध करता था। इस कारण कई बार कहासुनी भी हुुई थी। बीती 12 नवंबर को युवक ने बहला-फुसलाकर उसकी पुत्री को बुलाया। वहां एक अन्य महिला भी मौजूद थी। युवक ने शादी नहीं करने का दबाव बनाया। उसने युवक की बात मानने से इनकार कर दिया।

इस पर युवक ने महिला के साथ मिलकर जबरन उसकी पुत्री को जहरीला पदार्थ खिला दिया। जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई। परिजनों ने उसे निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहां से गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया। बीती 13 नवंबर को दिल्ली के एक अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। छपरौली पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर अंकित व रूबी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों को गिरफ्तार कर जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।

advertisement at ghamasaana