मेरठ। चौ. चरण सिंह विवि की ओर से वर्तमान सत्र की प्रवेश प्रक्रिया के लिए आनलाइन रजिस्ट्रेशन हो रहे थे। यूजी यानी स्नातक स्तर का रजिस्ट्रेशन सोमवार रात 12 बजे तक चला।

बुधवार को फिर मेरिट की संभावना है। सोमवार शाम तक विवि की वेबसाइट पर यूजी-पीजी के सभी ट्रेडिशनल व प्रोफेशनल कोर्स में कुल रजिस्ट्रेशन 1,26,704 हुए हैं। इनमें से यूजी के बीए, बीकाम, बीएससी और बीएससी एजी में प्रवेश के लिए ही करीब 90,467 रजिस्ट्रेशन हुए हैं। हर छात्र तीन कालेज का चुनाव करते हैं।

इस लिहाज से इन चार विषयों में शाम करीब सात बजे तक 2,71,401 आवेदन विवि की वेबसाइट पर दर्ज हुए। अब बुधवार को मेरिट जारी हो सकती है। बीए, बीकाम, बीएससी और बीएससी-एजी में हुए पंजीकरण में छात्र-छात्राओं की संख्या तकरीबन बराबर है। छात्रों के 45,511 आवेदन हैं तो छात्राओं के 44,956 आवेदन हैं।

छात्राओं की संख्या छात्रों से महज 555 कम है। इसमें यूपी बोर्ड सहित अन्य बोर्ड के छात्र-छात्राओं ने भी प्रवेश के लिए पंजीकरण कराया है। ऐसा माना जा रहा है कि कोविड के कारण अधिकतर छात्र-छात्राएं जो सामान्य तौर पर भी दूसरे शहरों में जाकर मनपसंद कालेज या विश्वविद्यालयों में प्रवेश लेना चाहते हैं, उसमें कमी आई है और सीसीएसयू से संबद्ध कालेजों में ही प्रवेश लेना चाह रहे हैं। इनमें भी सरकारी व सहायता प्राप्त कालेजों में प्रवेश के लिए यह पंजीकरण हुए हैं।