सहारनपुर में जुमे की नमाज के बाद बवाल, पथराव, दुकानों में तोड़फोड़ और लूट, शहर में दहशत

saharanpur crime news

सहारनपुर। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के प्रति टिप्पणी करने के विरोध में मुस्लिम समाज के लोगों ने जलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान भीड़ उग्र हो गई। नेहरू मार्केट में दुकानों के बाहर रखे सामानों को बाहर फेंक दिया, बाहर खड़े वाहनों को गिरा दिया। इतना ही नहीं भीड़ की ओर से पथराव भी किया गया जिसमें दुकानों के शीशे भी टूट गए। दुकानों के बाहर रखा सामान भी लूटने की कोशिश की गई। जिस पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर भीड़ को खदेड़ दिया। इससे शहर में दहशत का माहौल बन गया ।

नेहरू मार्केट, श्री राम चौक नवाबगंज में भगदड़ मचने के साथ तमाम बाजार बंद हो गए। कमिश्नर लोकेश एम, आईजी प्रीतिंदर सिंह, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, एसएसपी आकाश तोमर भारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दुकानदारों से अपनी दुकानें खोलने का आह्वान किया, लेकिन अभी दुकानदार अपनी दुकाने नहीं खोल रहे हैं।

जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि जुलूस निकालने वालों को पहले ही नोटिस जारी कर दिए गए थे। जुलूस में शामिल लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आईजी प्रीतिंदर सिंह ने कहा कि घंटाघर से लौटती भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। दुकान के बाहर खड़े वाहनों को गिरा कर दुकानों को भी लूटने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने लाठी चार्ज कर भीड़ को खदेड़ा है। ऐसे लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।

इससे पूर्व दोपहर में जुमे की नमाज के बाद जामा मस्जिद से मुस्लिम समाज के लोगों की भीड़ जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए घंटाघर पर पहुंची। जहां पर प्रदर्शन किया। वहां से लौटती भीड़ ने नेहरू मार्केट में पथराव और दुकानों के बाहर रखे सामान को गिरा कर लूटने का प्रयास करते हुए माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया।

advertisement at ghamasaana