रुद्रप्रयाग। क्षय रोग उन्नमूलन के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग को कांस्य पदक मिला है। विश्व क्षय दिवस के मौके पर आज 24 मार्च को नई दिल्ली में स्वास्थ्य मंत्रालय के कार्यक्रम में जिले को यह सम्मान दिया जाएगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. बीके शुक्ला ने बताया कि क्षय उन्नमूलन कार्यक्रम के तहत 2015 से 2021 तक निर्धारित सूचकांकों के आधार पर बेहतर टीबी स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति परखने के लिए सब नेशनल टीबी फ्री सर्टिफिकेशन सर्वे किया गया था। 18 फरवरी से 13 मार्च तक जिलेवार किए गए सर्वेक्षण में देशभर के 11 जिलों को गोल्ड, 53 को सिल्वर और 139 को कांस्य पदक मिला है, जिसमें उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और अल्मोड़ा जनपद शामिल है।
भारत सरकार द्वारा गठित चार स्वास्थ्य एजेंसियों के द्वारा 21 दिन तक सब नेशनल टीबी फ्री सर्टिफिकेशन सर्वे किया गया था। इस दौरान जिले में क्षय रोग व उसके उन्मूलन को लेकर निर्धारित मानकों/व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन किया गया। जिला क्षय अधिकारी डा. विमल गुसाईं और डीपीसी मुकेश बगवाड़ी ने क्षय रोग उन्नमूलन में कांस्य पदक मिलने पर खुशी जताई है।

