सहारनपुर। गंगोह में आधी रात को अचानक लगी आग से घर में अफरा-तफरी मच गई। एक महिला की मौत हो गई, जबकि आग से पति पत्नी सहित तीन बच्चे भी झुलस गए।
नगर के सराय पट्टी मोहल्ला मख्दूम जहां में प्रवीण वाल्मीकि का परिवार घर की दूसरी वे तीसरी मंजिल पर गहरी नींद में सोया हुआ था। आधी रात को अचानक उसके घर की पहली मंजिल में अचानक आग लग गई। आग ने धीरे-धीरे विकराल रूप धारण कर लिया और मकान को आग की तेज लपटों ने घेर लिया।
नींद खुलने के बाद आग को देखकर परिवार में अफरा तफरी मच गई। शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन, आग बुझने के बजाय और बढ़ गई। इसी बीच पुलिस और फायर बिग्रेड को सूचना दी गई। फायर बिग्रेड ने आग पर नागरिकों की सहायता से बामुश्किल काबू पाया लेकिन, तब तक घर और सामान जलकर राख हो चुका था।
प्रवीण की मां रोशनी 55 वर्षीय रोशनी देवी की मौत हो गई।आग में झुलसे 32 वर्षीय प्रवीण, 30 वर्षीय उसकी पत्नी सैफाली, 8 वर्षीय बेटा ओनिक, बेटी 6 वर्षीय माही, 4 वर्षीय बेटी अवनी भी बुरी तरह से झुलस गई। पूरे परिवार को सीएचसी में भर्ती कराया गया हालत गंभीर होने के चलते जिला अस्पताल रेफर किया गया। कोतवाली प्रभारी परमिंदर पाल सिंह का कहना है मामले की जांच की जा रही है जांच में आग कारण स्पष्ट होने के बाद ही कुछ कह पाना संभव होगा।
