सहारनपुर। Saharanpur news बड़गांव के गांव उमरी मजबता में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गई जब दो पक्षों में मारपीट हो गई। दरअसल घुड़चढ़ी के दौरान छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुक़दमा दर्ज किया है।
शनिवार को गांव उमरी मजबता निवासी बाली उर्फ बालेश के बेटे मोहित की शादी थी। गांव में मध्य रात्रि मोहित की घुड़चढ़ी निकल रही थी। बताया जाता है कि इसी दौरान आपस में छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। जिसमें अशीष उर्फ कल्लू 26 पुत्र सेठपाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार को घायल की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मोहकम, शीशपाल पुत्रगण चुहड सिंह व बोबी, अंकुर पुत्रगण तीरथपाल के खिलाफ हत्या का मुक़दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सी ओ देवबंद अशोक कुमार सिसौदिया ने बताया कि घटना में महिला सहित दो लोगों के और घायल होने की सूचना मिल रही है।

