
बागपत। रमाला में पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने किसान संवाद में भाकियू को निशाने पर रखा। तल्ख अंदाज में उन्होंने कहा कि पहले लोग गोल टोपी वालों से डरते थे, अब हरी टोपी वालों से डरते हैं। सभी को मिलकर भाजपा को जिताना है। यहां तालिबान नहीं है कि बंदूक के दम पर कोई कब्जा कर लेगा। ऐसा सिसौली में हो सकता है, जहां बंदूकधारी आए और कब्जा कर लिया।
शुक्रवार को रमाला में आयोजित किसान संवाद में भूपेंद्र सिंह ने कहा कि हम भी किसान आंदोलन में 1992 में जेल गए हैं, पूरे घर वाले ही जेल में गए थे। यह भावनात्मक मामला है कि वह पार्टी के साथ भावनात्मक रूप से बंधे हुए है, लेकिन चौधरी साहब को लेकर आस्था कम नहीं है। भूपेंद्र सिंह ने सिसौली की घटना को लेकर कहा कि यह पूरी तरह से गलत है कि किसी के दुख-दर्द में जाने पर भी रोक लगाई जा रही है।
हम दुख दर्द में जरूर जाएंगे। जिस तरह से वहां हुआ है, यह व्यवस्था ठीक नहीं है और इसका समाज में गलत संदेश जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपने विषय को मजबूती के साथ रखों, लेकिन इस तरह से नहीं करना चाहिए। मंत्री ने कहा कि शहर के व्यापारी मोदी के लिए खूब गलत बोलते है, लेकिन जब वोट देने का नंबर आता है तो मोदी को देते है। आपको कोई मना नहीं कर रहा है, इसलिए आप भी ऐसा ही करो। वोट केवल भाजपा को देनी चाहिए। भाजपा की सरकार में क्षेत्र का विकास हो सकता है।