प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने शनिवार को पीजीटी के 23 में से शेष तीन विषयों अर्थशास्त्र, शारीरिक शिक्षा इतिहास बालक वर्ग का भी परिणाम जारी कर दिया है। सूबे के एडेड कॉलेजों को 274 नए प्रवक्ता मिल गए हैं।
दीपावली से पहले नौकरी की सौगात मिलने से चयनितों में खुशी की लहर है। इससे पहले चयन बोर्ड ने तीन दिन में 20 विषयों के 2323 पदों का परिणाम जारी किया था। अभ्यर्थी माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की वेबसाइट पर लॉगइन कर अपना परिणाम जान सकते हैं। हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक चयन बोर्ड को टीजीटी-पीजीटी भर्ती परीक्षा 2021 को 31 अक्तूबर के पहले पूरा करना था।
17 व 18 अगस्त को पीजीटी के 23 विषयों लिए लिखित परीक्षा हुई थी। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का इंटरव्यू 5 अक्तूबर से 30 अक्तूबर 2021 के बीच हुआ। 23 विषयों में अब तक बीस विषय का रिजल्ट जारी हो चुका है। इसमें जीव विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, मनोविज्ञान, कला, तर्कशास्त्र, सैन्य विज्ञान, गृह विज्ञान, संगीत गायन, संगीत वादन, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, भूगोल, कृषि, शिक्षा शास्त्र, संस्कृत और वाणिज्य के 1650 प्रवक्ता के पदों का रिजल्ट बृहस्पतिवार को जारी हुआ था। इसके बाद हिन्दी, नागरिक शास्त्र, समाजशास्त्र के 671 पदों का रिजल्ट शुक्रवार को जारी हुआ था।

