प्रयागराज। डायबिटीज और ब्लडप्रेशर वालों के लिए यह खबर राहत देने वाली हो सकती है। अगर आप डायबिटीज, ब्लडप्रेशर से पीड़ित हैं तो इन बीमारियों पर नियंत्रण रखने के लिए सूजी का नियमित रूप से सेवन करें। सूजी में मौजूद क्रोमियम, तांबा, मैगनीज जैसे तत्व इन बीमारियों को काबू में रखने में सहायक हैं। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के भौतिक विभाग के प्रो. केएन उत्तम और उनके शोधार्थियों ने मिलकर डायरेक्ट करंट आर्क ऑप्टिकल एमिशन स्पेक्ट्रोस्कोपी की मदद से सूजी में मौजूद तत्वों की जांच की। स्पेक्ट्रम के विश्लेषण में सूजी में कैल्शियम, पोटैशियम, मैगनीज, तांबा, क्रोमियम और सोडियम जैसे तत्वों की उपस्थिति पाई गई।
इन तत्वों की मौजूदगी मानव शरीर को बीमारियों से छुटकारा दिलाने में सहायक होती है। इस आशय का शोधपत्र स्प्रिंगर लिंक समूह के अंतर्राष्ट्रीय जनरल नेशनल अकादमी साइंस लेटर्स में प्रकाशित किया गया है। प्रो. उत्तम और शोधार्थी श्वेता शर्मा, आराधना त्रिपाठी एवं ऐश्वर्य अवस्थी ने अपने शोध में पाया कि सूजी दिन प्रतिदिन के आहार का आवश्यक भाग है और यह कार्बोहाईडेट, प्रोटीन, फाइबर, पोषक तत्वों एवं खनिजों का एक समृद्ध स्नोत है। सूजी तत्काल ऊर्जा प्रदान करता है। इसमें कोलेस्ट्रॉल नहीं होता है, इसलिए इसका सेवन रक्त परिसंचरण में सुधार करता है। यह एनिमिया और मधुमेह के खतरे को कम करता है और हृदय रोग पर नियंत्रण में भी कारगर है।
शोध में यह भी पाया गया कि सूजी में पाए जाने वाला पोटैशियम नामक तत्व मानव शरीर में उचित तरल पदार्थ संतुलन, तंत्रिका संचरण, मांसपेशियों में संकुचन, रक्तचाप के उपयुक्त रखरखाव और अपशिष्ट उन्मूलन के लिए आवश्यक है। सूजी में मौजूद मैग्नीशियम हड्डियों, मांसपेशियों के संकुचन और तंत्रिका संचरण के गठन के लिए आवश्यक होता है। सूजी में मौजूद मैगनीज कई एंजाइमों का एक हिस्सा है, जो मस्तिष्क के सामान्य कामकाज और पूरे शरीर में तंत्रिका तंत्र की उचित गतिविधि के लिए महत्वपूर्ण है। वहीं, सूजी में मौजूद क्रोमियम मधुमेह की बीमारी को नियंत्रित करता है।

