बस्ती । कहते हैं कि गुनाह सिर चढ़कर बोलता है। अपराधी कितना ही शातिर क्यों न हो और कितना ही सफाई से अपराध क्यों न करे, लेकिन एक न एक दिन वह खुल जरूर जाता है। कुछ ऐसा ही दरियापुर जंगल टोला गांव में हुआ। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मार डाला और शव को गायब कर दिया, लेकिन बात खुल गई और वह पुलिस की गिरफ्त में आ गई। इन सबकी गवाह बनी उसकी सात साल की बेटी, जिसने पुलिस को वारदात की पूरी कहानी बता दी। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है। आरोपी महिला ने पूछताछ में पहले तो पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। पुलिस ने जब सख्ती की तो उसने सारी सच्चाई बता दी। वारदात 25 मई की है।
मामला भानपुर तहसील के सोनहा थाना क्षेत्र के गांव दरियापुर जंगल टोला का है। पुलिस ने बताया कि नंदलाल उर्फ नंदू की हत्या उसकी पत्नी कंचन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। उसके शव के टुकड़े कर बोरे में भरकर पति की ही बाइक से शव को ठिकाने लगाया गया था। यह सब उसने सात साल की बेटी के सामने किया। यही नहीं बेटी को जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया।
कई दिनों तक नंदलाल नहीं दिखा तो भाइयों ने तलाश करना शुरू किया। नंदलाल की पत्नी ने बताया कि वह दिल्ली चला गया है। भाइयों ने दिल्ली में पता किया तो मालूम चला कि वह दिल्ली पहुंचा ही नहीं। इसके बाद महिला को लेकर नंदलाल के भाई थाने पहुंचे और नंदलाल के गायब होने की जानकारी दी।
पुलिस ने फोटो मांगी तो नंदू की पत्नी कंचन हिचकिचाने लगी। इस पर पुलिस को शक हो गया और उससे सख्ती से पूछताछ की जिस पर कंचन ने सारा सच पुलिस को बता दिया। कंचन ने पुलिस के सामने कबूला कि उसने ही अपने प्रेमी नासिर के साथ मिलकर नंदू की हत्या की है।
पूछताछ में पता चला कि कंचन का उसके प्रेमी नासिर से पांच साल से अवैध संबंध है। आरोपी कंचन नंदू को पास नहीं आने देती थी। नंदू पर आरोप लगाती थी कि वह शराब पीकर मारपीट करता था। पुलिस को कंचन ने बताया कि हत्या के बाद नासिर मुंबई भाग गया है। इस खुलासे की जानकारी सोनहा पुलिस ने एसपी आशीष श्रीवास्तव को दी। मौके पर एसपी डॉग स्क्वायड टीम पहुंची । एसपी ने जल्द ही शव को बरामद करने की बात कही है।

