मुजफ्फरनगर। बुढाना क्षेत्र के गांव फुगाना में पुरानी रंजिश के चलते एक दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
फुगाना गांव निवासी आदित्य उर्फ भूरा की इसी गांव में परचून की दुकान करने वाले परविंदर मलिक के साथ पुरानी रंजिश थी। मंगलवार सुबह भी परविंदर ने रोज की तरह अपनी दुकान खोली। वह अपनी दुकान पर बैठा था, इसी बीच आदित्य वहां पहुंच गया। उसकी कुछ देर तक परविंदर के साथ बातचीत होती रही।
इसके थोड़ी देर बाद ही दोनों में कहासुनी हो गई। इससे गुस्साए आदित्य ने तमंचा निकालकर परविंदर को गोली मार दी। जिससे परविंदर की मौके पर ही मौत हो गई। इससे पूरे गांव में दहशत फैल गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परविंदर की मौत से उसके घर कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

