सिंभावली मुठभेड़ : 50 हजार का इनामी डब्लू यादव मारा गया, पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

hapur news

सिंभावली (हापुड़)l उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के सिंभावली क्षेत्र में रविवार रात को बड़ढा नहर पुल पर हुई मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी कुख्यात बदमाश डब्लू यादव पुलिस की गोली से ढेर हो गया। इस कार्रवाई को सिंभावली पुलिस, यूपी एसटीएफ नोएडा यूनिट और बिहार एसटीएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। मारे गए बदमाश पर दो दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज थे और वह लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था।

कैसे हुआ मुठभेड़ का पूरा घटनाक्रम?

गढ़मुक्तेश्वर के सीओ वरुण मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार की रात को सिंभावली पुलिस बड़ढा नहर पुल पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और जंगल की ओर भागने लगा।

वहीं, यूपी एसटीएफ नोएडा यूनिट और बिहार एसटीएफ की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं, जो पहले से ही इस बदमाश का पीछा कर रही थीं। तीनों टीमों ने जंगल में घेराबंदी कर बदमाश को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार पुलिस पर गोली चलाता रहा।

जवाबी कार्रवाई में घायल, अस्पताल में मौत

आत्मरक्षा में पुलिस ने जबाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

कौन था डब्लू यादव?

सीओ ने बताया कि मारे गए बदमाश की पहचान डब्लू यादव उर्फ सूरज यादव पुत्र सूर्य नारायण यादव के रूप में हुई है। वह बिहार के बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के ज्ञानडोल गांव का रहने वाला था। डब्लू यादव पर बिहार और अन्य राज्यों में हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के दो दर्जन से ज्यादा केस दर्ज थे। उस पर बिहार पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

अपराध पर लगेगा विराम?

इस बड़ी सफलता के बाद हापुड़ पुलिस और एसटीएफ टीमों ने राहत की सांस ली है। इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि पुलिस अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शने के मूड में नहीं है और उनकी पकड़ने की रणनीति सख्त और परिणामदायक साबित हो रही है।

advertisement at ghamasaana