मुजफ्फरनगर । शहर कोतवाली क्षेत्र में भट्टे पर काम करने वाले चौकीदार की उसी के साथी मजदूर ने गोली मारकर हत्या कर दी । आरोपी ने पुलिस को बताया कि चौकीदार बहन पर बुरी नजर रखता था, इसीलिए उसकी हत्या कर दी । पुलिस ने आरोपी को हत्या में प्रयुक्त पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
सलेमपुर निवासी अंकित गांव लकड़संधा के पास ईंट भट्ठे पर चौकीदारी का काम करता था । उसके साथ रामू पुत्र संजय निवासी लकडसन्धा, थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर भी काम करता था। आरोपी रामू ने अंकित कुमार के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। सुबह उसका शव भट्ठे के एक कमरे में पड़ा मिला । यह जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और पुलिस ने शक के चलते रामकुमार उर्फ रामू पुत्र संजय निवासी लकड़संधा थाना कोतवाली नगर मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया। उसने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
शहर कोतवाली प्रभारी आनंद देव मिश्रा ने बताया कि मृतक अंकित कुमार गिरफ्तार राम कुमार के साथ ईंट भट्ठे पर काम करता था तथा चौकीदार का आरोपी के घर आना जाना था । आरोपी रामकुमार ने पुलिस को बताया कि चौकीदार उसकी बहन पर बुरी नजर रखता था। इसी कारण से उसने योजना बनाकर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी । आरोपी से हत्या में प्रयुक्त एक पिस्टल व कारतूस बरामद किए हैं।
