नई दिल्ली। बहन का एक लड़के से बात करना भाई को इतना नागवार गुजरा कि उसने लड़के की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामला पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी का है। आरोप है कि प्रेमी सलमान ने शादी के बाद भी पड़ोस में रहने वाली लड़की से बातचीत नहीं छोड़ी । सलमान पेशे से पेंटर था। सोमवार रात को काम से लौटने के बाद वह पड़ोस में रहने वाली लड़की हिना के घर जाकर उससे बातचीत करने लगा। इस दौरान हिना के घर वालों ने उसे देख लिया।
आरोप है कि हिना के भाई फरदीन ने अपने साथियों के साथ मिलकर सलमान के साथ पहले मारपीट की उसके बाद उसे चाकू मारकर घायल कर दिया। गंभीर हालत में सलमान को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया । सलमान के परिजनों ने मामले में नामजद तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

