मेरठ : घर में सो रही एक ही परिवार की दो बच्चियों को सांप ने डसा, मौत

2 0

मेरठ। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के गांव आलमगीरपुर बढ़ला में बुधवार को एक ही परिवार की दो बच्चियों को सांप ने डस लिया। इससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में मातम छाया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गमगीन माहौल में शवों को कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

गांव निवासी आरिफ पुत्र जिनू मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता है। बुधवार रात आरिफ की पत्नी रिहाना पुत्री इकरा (9), आलिया (8), अमान (5) और डेढ़ वर्षीय दाउद के साथ सो रही थी। आरिफ अलग चारपाई पर सो रहा था।

सुबह करीब तीन बजे एक जहरीले सांप ने बेड़ पर सो रही इकरा व आलिया को डस लिया। हाथ में दर्द होने पर इकरा जग गई। पिता आरिफ ने बताया कि दोनों बच्चियों के हाथ में सांप के डसने के निशान थे। उसने कमरे से सांप को जाते हुए भी देखा।

उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। सांप के डसने से छोटी बेटी आलिया की मौके पर ही मौत हो गई और इकरा बेहोश होने लगी। हालत खराब होने पर परिजन इकरा को मवाना में एक वैद्य के पास ले गए। बाद में परिजन उसे नर्सिंग होम ले गए। जहां डॉक्टरों ने इकरा को मृत घोषित कर दिया। इकरा कक्षा चार और आलिया कक्षा दो की छात्रा थी।

advertisement at ghamasaana