दंपती से लूट करके भाग रहे बदमाशों को लोगों ने पकड़ा

1 0

मेरठ। कांवड़ मार्ग पर एक दंपती से लूट करके भाग रहे बदमाशों को लोगों ने चर्च के निकट धर दबोचा और उनकी जमकर धुनाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों के चंगुल से बदमाशों को छुड़ाया और थाने ले आई। पीड़ित ने बदमाशों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया।

ईदगाह रोड नई बस्ती निवासी खुर्शीद सोमवार सुबह अपनी पत्नी फरहीन के साथ बाइक से अपनी ससुराल जानसठ जा रहा था। जैसे ही वह कांवड़ मार्ग पर अटेरना पुल के निकट पहुंचा तो पीछे से पल्सर बाइक सवार दो बदमाश आए।

उन्होंने अपनी बाइक उसके सामने लगाकर उसे रोक लिया। रुकते ही दोनों बदमाशों ने जेब से तमंचे निकाले और उसके बल पर फरहीन के गले से सोने की चेन, कानों के कुंडल लूट लिए। खुर्शीद ने शोर मचाया तो बदमाश सरधना की तरफ भाग लिए। खुर्शीद ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी बाइक बदमाशों के पीछे दौड़ा दी। रास्ते में मिले लोगों को भी उसने बदमाशों का पीछा करने के लिए कहा।

बदमाश जैसे ही चर्च के निकट पहुंचे तो उनकी बाइक का पहिया गड्ढे में गिर गया। इसके बाद उनकी बाइक अनियंत्रित हुई और गिर गई। वे उठकर भागे तो लोगों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई की। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बदमाशों को लोगों के चंगुल से छुड़ाया और थाने ले आई। पूछताछ में युवकों ने अपने नाम अर्जुन व सोनू निवासी शिव शक्तिनगर सरधना बताया। फरहीन की तहरीर पर पुलिस ने इन दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।

advertisement at ghamasaana