सोनिया, राहुल और प्रियंका अपना त्याग पत्र देने को तैयार

sonia, rahul and priyanka

नई दिल्ली। कांग्रेस की शीर्ष नीति निर्धारक इकाई कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) ने हालिया विधानसभा चुनावों में पार्टी की करारी शिकस्त के कारणों और आगे की रणनीति पर रविवार को यहां चर्चा की। CWC की बैठक में सोनिया गांधी ने इस्तीफे की पेशकश की है। इस मीटिंग में कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि अगर पार्टी को लगता है तो हम तीनों इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं।

सोनिया गांधी यहां अपने अलावा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का जिक्र कर रही थीं। उन्होंने कहा कि हम तीनों इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि बैठक में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गाधी ने कहा कि वो अपने परिवार के सदस्य राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ पार्टी में अपने पद त्याग करने के लिए तैयार हैं, लेकिन हमने इसे रिजेक्ट कर दिया।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस की शीर्ष नीति निर्धारक इकाई सीडब्ल्यूसी की बैठक पार्टी मुख्यालय में चार घंटे से अधिक समय तक चली। बैठक में सोनिया गांधी के अलावा, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कई अन्य नेता शामिल हुए। इसमें ‘जी 23’ समूह के नेता गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा और मुकुल वासनिक भी शामिल हुए। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह इस बैठक में शामिल नहीं हुए। वरिष्ठ नेता ए के एंटनी कोविड 19 से संक्रमित होने के कारण बैठक में मौजूद नहीं हो सके। इस महत्वपूर्ण बैठक से एक दिन पहले मीडिया के एक हिस्से में खबर आई थी कि गांधी परिवार पार्टी के पदों से इस्तीफे की पेशकश कर सकता है, हालांकि कांग्रेस ने आधिकारिक रूप से इस खबर का खंडन करते हुए इसे ‘गलत एवं शरारतपूर्ण’ करार दिया था। लेकिन अब सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष ने इस्तीफे की पेशकश की है।

advertisement at ghamasaana